Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

कोडरमा: ‘यह छात्रों के भविष्य की लड़ाई है’, बोले प्रकाश रजक, जेजे कॉलेज आंदोलन को कांग्रेस का समर्थन

Koderma: जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति के आंदोलन को अब कांग्रेस का खुला समर्थन मिल गया है. शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश...

Koderma
 Koderma:  जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति के आंदोलन को अब कांग्रेस का खुला समर्थन मिल गया है. शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक ने प्रेस वार्ता कर कहा कि कोडरमा के डिग्री कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय (VBU), हजारीबाग से हटाकर गिरिडीह विश्वविद्यालय से जोड़ने का फैसला छात्रों और जिले के हित में नहीं है. उन्होंने कहा कि हजारीबाग की दूरी कोडरमा से लगभग 55 किलोमीटर है, जबकि गिरिडीह करीब 130 किलोमीटर दूर है. ऐसे में विश्वविद्यालय बदलने का निर्णय छात्रों के लिए अतिरिक्त परेशानी खड़ी करेगा.

“यह सिर्फ विश्वविद्यालय नहीं, हजारों छात्रों का भविष्य है”

प्रकाश रजक ने कहा कि परीक्षा, प्रमाण-पत्र, पंजीकरण और अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए छात्रों को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे आर्थिक और मानसिक बोझ बढ़ेगा. उन्होंने कहा, “यह केवल प्रशासनिक फैसला नहीं है. इसका सीधा असर हजारों छात्र-छात्राओं और उनके परिवारों पर पड़ेगा.”

मशाल जुलूस और छात्र हड़ताल में शामिल होगी कांग्रेस

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने घोषणा की कि पार्टी संघर्ष समिति के चरणबद्ध आंदोलन में सक्रिय भागीदारी करेगी. उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को प्रस्तावित सर्वदलीय बैठक सह मशाल जुलूस तथा 10 अगस्त से जेजे कॉलेज में शुरू होने वाली अनिश्चितकालीन छात्र हड़ताल और धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों की अनदेखी हुई तो कांग्रेस इस मुद्दे को “सड़क से सदन तक” उठाएगी.

विधायकों की भूमिका पर भी उठाए सवाल

प्रकाश रजक ने कोडरमा और बरकट्ठा के विधायकों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को कई बार ज्ञापन दिए जाने की बात कही गई, लेकिन उसके बाद सरकार ने क्या कदम उठाए, इसकी जानकारी जनता को नहीं दी गई. उन्होंने कहा कि केवल ज्ञापन सौंपना पर्याप्त नहीं है. इस विषय को विधानसभा में मजबूती से उठाया जाना चाहिए था ताकि छात्रों की आवाज सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके.

“दलगत राजनीति से ऊपर उठने का समय”

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब मामला हजारों छात्रों के भविष्य का हो, तब सभी जनप्रतिनिधियों को राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होना चाहिए. उन्होंने जिले के राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, छात्र-युवा संगठनों, अभिभावकों और नागरिकों से आंदोलन में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई किसी एक दल की नहीं, बल्कि कोडरमा की शिक्षा व्यवस्था और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है.

प्रेस वार्ता में ये लोग रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष चंद्र भूषण साव, अनिल दास, मालती चंद्रा, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष सुभाष सिंह यादव, जिला महासचिव पप्पू दास, प्रभात कुमार राम, नगर अध्यक्ष संजय सेठ, प्रखंड अध्यक्ष विजय प्रसाद सिंह, अजहर आलम, कयूमुद्दीन, कुमार रवि, कांग्रेस नेता अहमद अंसारी, पिंटू साव, असगर अली, सचिन वर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
ALSO READ: गिरिडीह: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने हेमंत सरकार पर बोला हमला, कहा- ‘छात्रों की मांगें सुनें, व्यवस्था नहीं संभल रही तो दें इस्तीफा

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *