सरायकेला: जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले राजकीय चैत्र पर्व-सह-छऊ महोत्सव 2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई.
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश (भा.प्र.से.), अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, नगर पंचायत सरायकेला अध्यक्ष श्री मनोज चौधरी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे.
मुख्य तैयारियों और व्यवस्था पर चर्चा
समीक्षा के दौरान आयोजन की रूपरेखा, आधारभूत व्यवस्थाओं और समन्वय तंत्र पर विशेष चर्चा की गई. उपायुक्त ने मुख्य कार्यक्रम स्थल भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला के साफ-सफाई और समतलीकरण, पेयजल एवं अस्थायी शौचालय की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा दल तथा अग्निशमन दल की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
उल्लेखनीय है कि महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 11 से 13 अप्रैल 2026 तक बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित किए जाएंगे. इस अवसर पर राज्य एवं अन्य राज्यों से आने वाले कलाकारों के आवागमन, आवासन और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को समयबद्ध और सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण करने की आवश्यकता पर बल दिया गया.
स्थानीय कलाकारों और पारंपरिक रीति-रिवाजों पर जोर
उपायुक्त ने निर्देशित किया कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए और उन्हें प्राथमिकता दी जाए. साथ ही पद्मश्री सम्मानित कलाकारों सहित सभी कला दलों को सम्मानित किया जाए. छऊ नृत्य से संबंधित पारंपरिक पूजा-पाठ और धार्मिक परंपराओं की मूल भावना को अक्षुण्ण बनाए रखने पर भी जोर दिया गया.
सुरक्षा, यातायात और निगरानी
सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने तथा यातायात प्रबंधन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए. रात्रिकालीन कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती और नियमित गश्ती सुनिश्चित करने को कहा गया.
आगंतुकों की सुविधा और प्रचार-प्रसार
श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधा हेतु पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन, संकेतक पट्टों की स्थापना और आवागमन मार्गों का सुव्यवस्थित निर्धारण करने पर बल दिया गया. इसके अलावा, महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
बैठक के दौरान आयोजन समिति के सदस्यों से प्राप्त सुझावों पर विचार करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया.
उपायुक्त का संदेश
उपायुक्त ने कहा कि छऊ महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक है, अतः इसके आयोजन में गुणवत्ता, सुरक्षा और सुव्यवस्था के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए.
ALSO READ: एलपीजी संकट के समाधान में सरकार का कदम: प्रवासी मजदूरों तक ईंधन सीधे पहुंचेगा


