रांची: सीसीएल ने वर्ष 2025-26 के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए न केवल अपने कर्मचारियों बल्कि आसपास के गांव और शहरों के लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई है. इसी कारण अब सीसीएल के अस्पताल लोगों के लिए भरोसे और राहत का केंद्र बनते जा रहे हैं.
गांधीनगर, रामगढ़ और ढोरी अस्पतालों में बढ़ा भरोसा
सीसीएल के गांधीनगर, रामगढ़ और ढोरी अस्पतालों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. यहां मरीजों को बेहतर इलाज के साथ साथ आधुनिक सुविधाएं और समुचित देखभाल भी मिल रही है. पूरे वर्ष में लाखों मरीजों का उपचार किया गया और हजारों सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुईं.
गांधीनगर अस्पताल में एक लाख से अधिक मरीजों का ओपीडी में इलाज किया गया, जबकि तीन हजार से ज्यादा मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया गया. यहां करीब 1800 सर्जरी की गईं. इसके अलावा हजारों कर्मचारियों की नियमित स्वास्थ्य जांच भी की गई.

ALSO READ: भाजपा के आरोप बेबुनियाद, असली मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार: कांग्रेस का पलटवार
स्वास्थ्य शिविरों से गांवों तक पहुंची सेवा
ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए सैकड़ों स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से डेढ़ लाख से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाया गया. रक्तदान शिविरों के जरिए सैकड़ों यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिससे कई मरीजों की जान बचाई जा सकी.
सीसीएल के अस्पतालों में आधुनिक मशीनें और नई स्वास्थ्य सुविधाएं जोड़ी गई हैं. डायलिसिस, डिजिटल सिस्टम, योग कक्ष और उन्नत जांच उपकरणों की उपलब्धता से मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार मिल रहा है.
ALSO READ: रांची : अब राजधानी के तालाबों की सफाई करेगा वीड हार्वेस्टर, मेयर ने किया उद्घाटन
रामगढ़ और ढोरी अस्पताल में भी हुआ विस्तार
रामगढ़ अस्पताल में अब जटिल सर्जरी जैसे लेजर, लैप्रोस्कोपी, हिप और घुटना प्रत्यारोपण जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं. यहां अमृत फार्मेसी के माध्यम से दवाओं की आपूर्ति की जा रही है और हजारों लोगों को हेल्थ कार्ड भी प्रदान किए गए हैं.
वहीं ढोरी अस्पताल में भी हजारों मरीजों का इलाज किया गया है, जिसमें इमरजेंसी और भर्ती मरीज शामिल हैं. यहां लगातार स्वास्थ्य जांच, ऑपरेशन और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं. गांवों में जाकर एनीमिया और अन्य बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है.
सीसीएल का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना भी है. कंपनी भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है.
