Ranchi: राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में राज्य सरकार की उच्चस्तरीय कमेटी और विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता की प्रक्रिया शुरू हो गई है. राज्य के युवाओं और छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आयोजित इस बैठक में कई प्रमुख छात्र संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं.

JLKM गुट के साथ वार्ता रही बेनतीजा
स्टेट गेस्ट हाउस में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा समर्थित छात्र गुट के साथ सरकार की कमेटी की बातचीत पूरी हो चुकी है. हालांकि, लंबी चर्चा के बावजूद दोनों पक्षों के बीच किसी भी बिंदु पर आम सहमति नहीं बन पाई है. जेएलकेएम गुट के साथ वार्ता बेनतीजा समाप्त होने के बाद अन्य संगठनों के साथ बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ाया जा रहा है.

NSUI, आदिवासी छात्र संगठन और JMM छात्र मोर्चा शामिल
जेएलकेएम से बातचीत के बाद अब सरकार की कमेटी अन्य छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रही है. इस दौर की वार्ता में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई), आदिवासी छात्र संगठन और सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के छात्र संगठन के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं. कमेटी एक-एक करके सभी संगठनों की मांगों और सुझावों पर विचार कर रही है.

कई गुटों में बंटे नजर आ रहे छात्र
बैठक के दौरान छात्र प्रतिनिधियों के बीच गुटबाजी और अलग-अलग रणनीतियां भी साफ तौर पर दिखाई दे रही हैं. वार्ता में शामिल होने पहुंचे छात्र कई अलग-अलग गुटों में बंटे हुए नजर आ रहे हैं, जिससे मांगों को लेकर एकीकृत रुख के बजाय विभिन्न मंचों से अलग-अलग विचार सामने आ रहे हैं. फिलहाल स्टेट गेस्ट हाउस में बैठकों का दौर जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि अन्य संगठनों के साथ वार्ता के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.

