स्वास्थ्य विभाग, झारखंड सरकार के अपर मुख्य सचिव ने किया शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण, अधिकारियों को मिले निर्देश

हजारीबाग: स्वास्थ्य विभाग, झारखंड सरकार के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह ने आज 8 अप्रैल को हजारीबाग के शेख भिखारी...

हजारीबाग: स्वास्थ्य विभाग, झारखंड सरकार के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह ने आज 8 अप्रैल को हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का गहन निरीक्षण किया. इस दौरान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह, उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह एवं सदर अनुमंडल पदाधिकारी शआदित्य पांडेय भी उपस्थित रहे.

निरीक्षण के क्रम में अपर मुख्य सचिव ने सदर अस्पताल में संचालित मेडिकल कॉलेज द्वारा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से अवलोकन किया. उन्होंने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट की प्रगति की समीक्षा की तथा नए भवन में संचालित विभिन्न वार्डों यथा मेडिसिन, मनोचिकित्सा, स्किन एवं नेत्र विभाग में उपलब्ध उपकरणों की क्रियाशीलता की जांच की.

उन्होंने अस्पताल में ऑक्सीजन पाइपलाइन की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उसकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान सर्जरी वार्ड में इलाजरत महिला मरीज से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं दवाओं की जानकारी ली तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाले लाभों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की.

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में चिकित्सकों की उपस्थिति एवं संख्या का जायजा लिया तथा मेडिकल सुपरिटेंडेंट को अस्पताल के सुदृढ़ीकरण, समुचित प्रकाश व्यवस्था, दरवाजों की मरम्मत एवं अन्य आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए.

अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मशीनों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि जांच कार्य में तेजी लाई जा सके.

परिसर भ्रमण के दौरान पुराने भवनों को चिन्हित कर उन्हें हटाने का निर्देश दिया, जिससे परिसर में पर्याप्त खुला स्थान उपलब्ध हो सके. साथ ही, आईसीयू वार्ड में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश भी दिए.

मेडिकल कॉलेज के नए भवन का निरीक्षण

सदर अस्पताल निरीक्षण के उपरांत अपर मुख्य सचिव ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन मुख्य भवन का भी अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा उपस्थित अभियंताओं से भवन के संपूर्ण नक्शे की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने डॉक्टर क्वार्टर, महिला एवं पुरुष छात्रावास का भी निरीक्षण किया. वर्तमान में लगभग 500 छात्र-छात्राएं मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं.

अपर मुख्य सचिव ने कार्य एजेंसी से निर्माण कार्य की समयसीमा की जानकारी लेते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं चिकित्सा शिक्षा की सुविधाएं सुदृढ़ रूप से उपलब्ध कराई जा सकें.

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ अपर मुख्य सचिव ने परिसदन में की बैठक

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह ने परिसदन भवन में सभी स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में स्वास्थ्य सचिव ने मेडिकल कॉलेज एवं सदर अस्पताल के निरीक्षण और अवलोकन के दौरान पाई गई खामियों पर चर्चा की तथा इन संस्थानों को बेहतर बनाने के संबंध में विचार-विमर्श किया.

स्वास्थ्य सचिव ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सभी सेवाओं को तीव्र गति से बेहतर तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया. उन्होंने मेडिकल कॉलेज में पीजी की पढ़ाई के सत्र को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और छात्रों के परिणाम में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया.

उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों (एचओडी) को निर्देशित किया कि अस्पताल के सभी वार्डों, ओपीडी, साफ-सफाई, नर्सिंग सेवाओं सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन सुचारू और प्रभावी तरीके से सुनिश्चित किया जाए. साथ ही, उन्होंने आयुष्मान योजना एवं अबुआ स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत क्लेम राशि बढ़ाने पर बल दिया.

स्वास्थ्य सचिव ने बरही एवं विष्णुगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता बताई. उन्होंने कहा कि बरही में जिला अस्पताल के समान स्वास्थ्य सेवाओं का विकास किया जाएगा.

ALSO READ: जन्म लेते ही मिलेगा ‘हेल्थ कार्ड’, सरकार उठाएगी इलाज का पूरा जिम्मा

इसके अतिरिक्त, उन्होंने अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा निर्माणाधीन सभी अस्पताल संरचनाओं, अमृत फार्मेसी और जन औषधि केंद्रों को समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *