पलामू: मेदिनीनगर शहर के हृदय स्थल छः मुहान चौक पर एक बार फिर चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े छिनतई की घटना को अंजाम दिया. बाजार करने आई एक महिला के बच्चों के गले से सोने की लॉकेट छीनकर चोर मौके से फरार हो गया. इस संबंध में बारालोटा निवासी बेबी देवी ने शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
भीड़भाड़ का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, बेबी देवी अपने बच्चों के साथ खरीदारी करने बाजार आई थीं. इसी दौरान छः मुहान चौक के पास घात लगाए बैठे चोर ने बच्चों के गले में धागे से बंधी सोने की लॉकेट पर झपट्टा मारा और उसे छीनकर भाग निकला. महिला ने शोर मचाकर उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन अपराधी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया. महिला ने बताया कि चोर ने जबरन गले से लॉकेट खींचकर घटना को अंजाम दिया.

सीसीटीवी बंद, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण कैमरे बंद पाए गए. इससे चोर की तस्वीर कैद नहीं हो सकी, जो सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है.
फिलहाल पुलिस आसपास की दुकानों में लगे निजी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. शहर थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की सघन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


