Chatra : चतरा जिले के हंटरगंज स्थित अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय में एक छात्रा के गर्भवती होने की खबर सामने आते ही में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजन विद्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया. इस घटना ने स्कूल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन दोनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है. जानकारी के अनुसार, छात्रा जब अपने घर गई तो उसके माता-पिता ने उसके पेट में असामान्य बदलाव देखा. शक होने पर उन्होंने बेटी से कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद गर्भवती होने का मामला सामने आया. इस खुलासे के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और सीधे विद्यालय पहुंचकर विरोध जताया.
यह भी पढ़ें : झारखंड में गैस संकट पर सख्त एक्शन, 10 दिन में सुधार नहीं तो एजेंसियों पर गिरेगी गाज: इरफान अंसारी
विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप, परिसर में हंगामा
परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिसर में हंगामा किया. उनका कहना है कि आवासीय विद्यालय में इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. हंगामे की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस छात्रा और उसके माता-पिता को थाने ले गई, जहां मामले की आगे की जांच की जा रही है. प्रशासनिक स्तर पर भी इस घटना को गंभीरता से लिया गया है. विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि संबंधित छात्रा अक्सर विद्यालय में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहती थी. उनका दावा है कि घटना के पीछे की सच्चाई की जांच की जा रही है. हालांकि, इस बयान के बाद भी कई सवाल बने हुए हैं. मामले की जानकारी एसडीओ और डीईओ को भी दे दी गई है. प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
