नौ करोड़ के डाकघर घोटाले में लोयाबाद में ED की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध पंकज चौहान के घर मारा छापा

Dhanbad: जिले के गोविंदपुर स्थित के के पॉलीटेक्निक उप डाकघर में हुए करीब नौ करोड़ रुपये के चर्चित घोटाले की जांच की...

Dhanbad: जिले के गोविंदपुर स्थित के के पॉलीटेक्निक उप डाकघर में हुए करीब नौ करोड़ रुपये के चर्चित घोटाले की जांच की आंच अब और तेज हो गई है. शुक्रवार को ईडी की टीम ने मामले के प्रमुख संदिग्ध पंकज चौहान के लोयाबाद हॉस्पिटल के समीप स्थित आवास पर अचानक छापेमारी की. स्थानीय पुलिस को साथ लेकर पहुंची ईडी की टीम ने घर की तलाशी ली और परिजनों से पूछताछ की. हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपी पंकज चौहान घर पर मौजूद नहीं मिला.

सुबह 9:30 बजे पहुंची ED की टीम, आधे घंटे तक हुई पूछताछ

जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम सुबह लगभग 9:30 बजे लोयाबाद पहुंची. टीम के साथ स्थानीय पुलिस बल भी सुरक्षा के लिहाज से मौजूद था. ईडी अधिकारियों ने करीब आधे घंटे तक घर के सदस्यों से पंकज चौहान की गतिविधियों और उसके ठिकाने को लेकर गहन पूछताछ की. जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद टीम वापस लौट गई.

लगातार समन के बावजूद नहीं हो रहा था उपस्थित

कार्रवाई में शामिल ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस घोटाले के सिलसिले में पंकज चौहान को पूछताछ के लिए कई बार समन जारी कर बुलाया गया था, लेकिन, वह लगातार केंद्रीय एजेंसी के समक्ष पेश होने से बच रहा था और समन की अनदेखी कर रहा था. बार-बार हाजिर न होने के कारण ही ईडी की टीम को शुक्रवार को सीधे उसके आवास पर दबिश देनी पड़ी.

Read Also: लोहरदगा : हथियारबंद घटनाओं से दहशत में सर्राफा कारोबारी, शनिवार को शहर की सभी ज्वेलरी दुकानें बंद रहेंगी

क्या है 9 करोड़ रुपये का डाकघर घोटाला?

यह मामला अप्रैल 2024 का है, जब गोविंदपुर स्थित केके पॉलीटेक्निक उप डाकघर में करीब नौ करोड़ रुपये के बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ था. घोटाले के दौरान बड़े पैमाने पर रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर निकाला गया था. जांच में सामने आया कि अकेले पंकज चौहान के बैंक खाते में 2.89 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे, जिनकी बाद में निकासी भी कर ली गई थी.

सीबीआई से ईडी के पास गया मामला

घोटाले की शुरुआत में सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी.सीबीआई की कार्रवाई के दौरान पंकज चौहान समेत कई अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया था.
चूंकि इस मामले में करोड़ों रुपये का बड़ा वित्तीय हेरफेर और मनी लॉन्ड्रिंग शामिल है, इसलिए केस की जांच सीबीआई से ट्रांसफर कर ईडी को सौंप दी गई. अब ईडी इस घोटाले में पैसे के लेनदेन की कड़ियों को जोड़ने के लिए पंकज चौहान की तलाश कर रही है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *