चतरा: जिले के हंटरगंज प्रखंड से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. यहां के अनुसूचित जाति प्राथमिक बालिका आवासीय विद्यालय की एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह मामला तब प्रकाश में आया जब छात्रा के गर्भवती होने की जानकारी मिली. घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ.
ALSO READ:हुसैनाबाद में कौशल प्रशिक्षण पूरा, महिलाओं को मिला प्रमाण पत्र और आत्मनिर्भरता का संदेश
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर संबंधित थाना में पॉक्सो एक्ट और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.आरोपी प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, वहीं, पीड़ित छात्रा की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा सहायता और मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए चतरा की डीसी कृतिश्री ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने घटना की तह तक जाने और दोषियों के विरुद्ध साक्ष्य जुटाने के लिए एक उच्चस्तरीय जांच टीम का गठन किया है.
