Palamu: असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और ऑटो चालकों को सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 2 अगस्त को विशेष सहायता शिविर लगाया जाएगा. यह जानकारी ओसो डीजल ऑटो चालक संघ की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में समाजसेवी और संघ प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह ने दी.
टेम्पो स्टैंड प्रांगण में सुबह 10 बजे से शिविर
राकेश कुमार सिंह ने बताया कि झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की पहल पर यह शिविर आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने क्षेत्र के सभी ऑटो चालकों, डीजल ऑटो चालकों, ठेला-खोमचा व्यवसायियों, पल्लेदारों, मछुआरों तथा अन्य असंगठित क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों से अपील की कि वे 2 अगस्त को सुबह 10:00 बजे टेम्पो स्टैंड प्रांगण में उपस्थित होकर अपना निबंधन कराएं.
श्रम विभाग से बातचीत के बाद मिला शिविर का अवसर
प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि श्रम विभाग के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद इस विशेष शिविर का आयोजन संभव हो पाया है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी जरूरतमंद चालक या श्रमिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे.
पंजीकृत श्रमिकों को मिलेंगी कई प्रकार की सहायता
निबंधन कराने वाले कामगारों को दुर्घटना सहायता, सामान्य मृत्यु सहायता, अंत्येष्टि सहायता राशि तथा महिला श्रमिकों को मातृत्व लाभ प्रदान किया जाएगा. इसके अलावा श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत उपकरण किट के लिए 5,000 रुपये, साइकिल के लिए 7,000 रुपये, सिलाई मशीन के लिए 6,000 रुपये तथा बेटियों के विवाह के लिए 30,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खाते में DBT के माध्यम से भेजी जाएगी.

ALSO READ: Giridih: स्कूल के पास संचालित पत्थर खदान पर ग्रामीणों का विरोध, सुरक्षा को लेकर आंदोलन की चेतावनी
निःशुल्क रहेगा निबंधन, ये दस्तावेज साथ लाना होगा
सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय, पलामू के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में निबंधन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा. इच्छुक आवेदक आधार कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल नंबर के साथ शिविर स्थल पर पहुंचकर निबंधन करा सकते हैं. विभागीय पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
