Ranchi: राजधानी के करमटोली इलाके में शुक्रवार सुबह रांची नगर निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया. निगम की इंफोर्समेंट टीम भारी पुलिस बल और अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और चिन्हित अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की. कार्रवाई के दौरान कई निर्माणों को तोड़ा गया, जबकि स्थानीय लोगों ने इसका विरोध भी किया. विरोध बढ़ने पर रांची नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे. उन्होंने लोगों से बातचीत कर कार्रवाई की वजह समझाई और कहा कि शहर को व्यवस्थित, सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आवश्यक है. उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.

नगर निगम ने कहा…
नगर निगम का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं और भविष्य की विकास योजनाओं में बाधा बन रहे हैं. इसी कारण निगम लगातार चिन्हित स्थानों पर अभियान चलाकर अवैध कब्जे और निर्माणों को हटाने का काम कर रहा है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. लोगों से अपील की गई है कि बिना स्वीकृति निर्माण न करें और सरकारी जमीनों व सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने से बचें. नगर निगम ने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही रांची को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाया जा सकता है. फिलहाल करमटोली में नगर निगम की कार्रवाई जारी है और पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है, ताकि अभियान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा किया जा सके.
