रांची : नगर निकाय चुनाव से ठीक पहले उत्पाद विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली है. ओरमांझी थाना क्षेत्र में संचालित एक अवैध शराब फैक्ट्री पर छापेमारी कर टीम ने लगभग 15 हजार लीटर से अधिक स्पिरिट और अंग्रेजी शराब बनाने का भारी मात्रा में सामान बरामद किया है. जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब लाखों रुपये से अधिक बताई जा रही है.

सहायक आयुक्त के निर्देश पर चल रहा अभियान
रांची के सहायक आयुक्त उत्पाद उमाशंकर सिंह के निर्देश पर जिले के विभिन्न इलाकों में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने विदेशी शराब तैयार करने वाली इस अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया.
सिंडिकेट की तलाश में जुटी टीम
छापेमारी के बाद अब उत्पाद विभाग के अधिकारी इस बात की जांच में जुट गए हैं कि अवैध फैक्ट्री का संचालन कौन कर रहा था और इस अवैध शराब कारोबार के सिंडिकेट में किन-किन लोगों की संलिप्तता थी. विभाग का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा कर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

