नारी शक्ति वंदन अधिनियम: अब नीति निर्माण में महिलाओं की बढ़ेगी भागीदारी, अरुणा शंकर का बयान

  पलामू: जिला में आज होटल ज्योतिलोक के सभागार में मेदिनीनगर की महापौर अरुणा शंकर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए “नारी...

 

पलामू: जिला में आज होटल ज्योतिलोक के सभागार में मेदिनीनगर की महापौर अरुणा शंकर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए “नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023” के महत्व और प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शहर की कई सामाजिक महिला संगठनों की अध्यक्ष उपस्थित रहीं, वहीं विशेष रूप से भाजपा नेत्री स्मिता आनंद ने भी प्रेस को संबोधित किया.

महिलाओं को मिला सम्मान, पीएम के प्रयासों की सराहना

महापौर अरुणा शंकर ने अपने संबोधन में कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023” केवल एक कानूनी प्रावधान नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र को अधिक सशक्त और समावेशी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं प्रगतिशील कदम है. उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण सुनिश्चित किया गया है, जिससे महिलाओं की भागीदारी नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में और अधिक सशक्त होगी.

नीतियों में दिखेगा महिलाओं का प्रभाव

उन्होंने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, जल एवं स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में नीतियां अधिक प्रभावी और जन-केंद्रित बनेंगी. स्थानीय निकायों में महिलाओं के आरक्षण के सकारात्मक परिणामों का उल्लेख करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि यही प्रभाव अब संसद और विधानसभाओं में भी देखने को मिलेगा.

केंद्र सरकार की योजनाओं से हुआ सशक्तिकरण

महापौर ने केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”, “सुकन्या समृद्धि योजना”, “प्रधानमंत्री जन धन योजना”, “मुद्रा योजना”, “प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना”, “पोषण 2.0”, “उज्ज्वला योजना”, “प्रधानमंत्री आवास योजना”, “स्वच्छ भारत मिशन” और “जल जीवन मिशन” जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है.

आत्मनिर्भर बन रही हैं महिलाएं

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से करोड़ों महिलाएं वित्तीय, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, वहीं “लखपति दीदी” और “नमो ड्रोन दीदी” जैसी पहलें उन्हें नई तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर दे रही हैं.

विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में अहम कदम

भाजपा नेत्री स्मिता आनंद ने कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023” महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि नीति निर्माण की मुख्य भागीदार बनाएगा. उन्होंने इसे विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया.

ALSO READ: सिंहभूम कॉलेज भवन उद्घाटन में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री को आमंत्रण नहीं, भाजपा ने बताया प्रोटोकॉल उल्लंघन

कई गणमान्य महिलाएं रहीं मौजूद

इस अवसर पर पलामू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री महिला विंग की अध्यक्ष शिखा अग्रवाल, सृजल अग्रवाल, संध्या शेखर, प्रीति राज, पूजा भिवानिया, भाजपा नेत्री मंजू गुप्ता, रेनू गुप्ता सहित अनेक गणमान्य महिलाएं एवं सदस्य उपस्थित रहीं.

सशक्तिकरण के संकल्प के साथ समापन

प्रेस कॉन्फ्रेंस का समापन महिलाओं के सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *