Koderma: कोडरमा थाना क्षेत्र के कोडरमा घाटी स्थित नौवां माइल के पास शनिवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. चावल लदा एक ट्रक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में ट्रक पर लदी चावल की बोरियां सड़क पर बिखर गई. हालांकि ट्रक चालक और उपचालक को केवल हल्की चोटें आई और दोनों सुरक्षित बच गए.
पुलिस ने संभाली स्थिति
दुर्घटना की सूचना मिलते ही PCR प्रभारी अशोक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद थाना प्रभारी अरविंद कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की निगरानी की, पुलिस ने सड़क पर बिखरी चावल की बोरियों और वाहन की सुरक्षा सुनिश्चित की, ताकि किसी प्रकार की चोरी या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो.
राहत एवं बचाव कार्य में मिला सहयोग
राहत और बचाव कार्य में सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सागर कुमार गिरी तथा स्थानीय चौकीदार उमेश कुमार ने भी सक्रिय भूमिका निभाई. उनके सहयोग से दुर्घटनास्थल पर स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली.
वर्धमान से बिहार जा रहा था ट्रक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त ट्रक पश्चिम बंगाल के वर्धमान से चावल लेकर बिहार जा रहा था. इसी दौरान कोडरमा घाटी में नौवां माइल के पास वाहन का ब्रेक फेल हो गया और ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

यातायात हुआ सामान्य, जांच जारी
पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया.
