Ranchi: झारखंड में मौसम के मिजाज ने अब तल्ख तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. तपती धूप और बढ़ती तपिश के बीच मौसम विभाग ने राज्यवासियों के लिए अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की प्रबल संभावना है. इसके साथ ही राज्य के कई हिस्सों में हीट वेव चलने की आशंका जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
जमशेदपुर सबसे गर्म, गुमला में सबसे कम न्यूनतम तापमान
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जमशेदपुर 39.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान के मामले में गुमला सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 14.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का. हालांकि अब धीरे-धीरे रात की ठंडक भी खत्म हो रही है और गर्मी का दायरा बढ़ रहा है.
लू का अलर्ट: इन जिलों में बरते सावधानी
• 17 अप्रैल: राज्य के पश्चिमी और उससे सटे मध्य भागों में छिटपुट लू चलने की संभावना है. इसका असर मुख्य रूप से गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी में देखने को मिलेगा.
• 18 अप्रैल: गर्मी और प्रचंड रूप धारण करेगी. पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी भागों में भीषण गर्मी की लहर चलने की संभावना है. इसमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी जिलों के साथ-साथ पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा भी शामिल होंगे.
प्रमुख जिलों का तापमान एक नजर में (डिग्री सेल्सियस)
• जमशेदपुर – 39.6
• चाईबासा – 39.4
• डालटनगंज – 38.8
• बोकारो – 37.5
• पाकुड़ – 36.1
• रांची – 35.6
• खूंटी – 35.6
• गुमला – 35.4
• लोहरदगा – 34.1
• लातेहार – 30.3
