Simdega: सिमडेगा पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुरडेग की ओर से जंगल रास्ते कुछ लोग गोवंशीय पशुओं को मारते-पीटते हुए ले जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
छापेमारी में तीन तस्कर गिरफ्तार
छापामारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सेवई गांव में दबिश दी, जहां से तीन पशु तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने मौके से कुल 06 गोवंशीय मवेशियों को भी बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलियासुस तिग्गा, ईश्वर ग्यार और अशोक किंडो के रूप में हुई है.
ALSO READ: सरायकेला: कुकड़ु प्रखंड में हाथियों का आतंक, डाटम और गोंगाडीह में घर तोड़े, फसल बर्बाद
पूछताछ में किया खुलासा
मामले को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ बैजू उरांव ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि वे सभी मवेशियों को लेकर बन्दोजोर की ओर जा रहे थे. पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को पशु तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है.
आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
