लोहरदगा: 23 वार्डों में कल मतदान, 46 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा नगर परिषद चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार पूरी तरह थम चुका है और अब प्रत्याशी बूथ मैनेजमेंट को...

लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा नगर परिषद चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार पूरी तरह थम चुका है और अब प्रत्याशी बूथ मैनेजमेंट को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं. सोमवार सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू होगा, जो शाम 5:00 बजे तक चलेगा. शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है.

46 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

लोहरदगा शहर के 23 वार्डों के लिए कुल 46 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. सभी मतदान कर्मियों को उनके-उनके बूथों के लिए रवाना कर दिया गया है. प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. विभिन्न मतदान केंद्रों पर कुल 549 पुलिस बल तैनात किए गए हैं. संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके.

43,070 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

नगर परिषद के 23 वार्डों में कुल 43,070 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. वार्डवार मतदाताओं की संख्या में काफी अंतर देखने को मिल रहा है. वार्ड संख्या 21 में सबसे अधिक 2,731 मतदाता हैं, जिससे यह सबसे बड़ा वार्ड बन गया है. वहीं वार्ड संख्या 6 सबसे छोटा वार्ड है, जहां कुल 966 मतदाता हैं.

प्रशासन की अपील, निर्भीक होकर करें मतदान

प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है. चुनाव को लेकर शहर में सरगर्मी तेज है और अब सभी की निगाहें मतदान प्रतिशत और आने वाले परिणामों पर टिकी हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *