गिरिडीह : अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत जन-जागरूकता बढ़ाने और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. अग्निशमन पदाधिकारी रवि रंजन सिंह के नेतृत्व में सदर अस्पताल और गुरुनानक विद्यालय में विशेष अभ्यास कराया गया. इस दौरान अग्निशमन टीम ने आग लगने जैसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के विभिन्न चरणों का लाइव प्रदर्शन किया और लोगों को समझाया कि घबराने के बजाय सतर्कता और समझदारी से काम लेना बेहद जरूरी है.
Also Read : गिरिडीह पहुंचे झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ सम्मान
सुरक्षित निकासी और फायर सेफ्टी के दिए गए अहम टिप्स
मॉक ड्रिल के दौरान अस्पताल में मरीजों, परिजनों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया सिखाई गई, जबकि विद्यालय में छात्रों और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में अनुशासित तरीके से सुरक्षित स्थान तक पहुंचने का प्रशिक्षण दिया गया. साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग का प्रदर्शन करते हुए बताया गया कि अलग-अलग आग के लिए अलग-अलग उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता है. गैस सिलेंडर, बिजली उपकरण और ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी जरूरी जानकारी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में नुकसान को कम किया जा सके.
