Ranchi: राजधानी रांची में 1 से 3 मई तक तीन दिवसीय “सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला 2026” का आयोजन होने जा रहा है. यह कार्यक्रम ऑड्रे हाउस में आयोजित होगा, जहां स्वदेशी उत्पादों और भारतीय संस्कृति का शानदार संगम देखने को मिलेगा.
‘वोकल फॉर लोकल’ से प्रेरित पहल
यह महोत्सव रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है. आयोजन का उद्देश्य रांची लोकसभा क्षेत्र में कला, संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है. यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत के विजन से प्रेरित है.
सुबह 9 से रात 9 बजे तक कार्यक्रम
महोत्सव प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा. इसमें स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं, स्थानीय कलाकार और शिल्पकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. आयोजन के लिए फॉर्म जारी कर दिए गए हैं और करीब 10 हजार कलाकारों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है.
Also Read: नीमडीह में अवैध शराब पर बड़ा एक्शन: 6 अड्डे ध्वस्त, 1500 किलो महुआ जावा जब्त
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं की भरमार
कार्यक्रम के दौरान समूह लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, जनजातीय नृत्य, सामूहिक गायन, लघु नाटिका (स्किट) और बैंड या फ्यूजन संगीत जैसी कई प्रतियोगिताएं होंगी. जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों के प्रतिभागियों को अपनी कला दिखाने का मौका मिलेगा.
150 से ज्यादा स्टॉल, स्वदेशी उत्पादों का आकर्षण
मेला परिसर में 150 से अधिक फ्री स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां सिर्फ स्वदेशी उत्पादों की बिक्री होगी. स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों द्वारा बनाए गए सामान के साथ झारखंडी पारंपरिक खान-पान भी लोगों के लिए खास आकर्षण रहेगा.
रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
यह आयोजन सिर्फ सांस्कृतिक मंच ही नहीं, बल्कि स्थानीय कलाकारों और उद्यमियों के लिए बड़ा अवसर भी है. इससे रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.
