सरायकेला: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को देखते हुए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगीलोंग गांव में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी की. इस दौरान 6 अवैध चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया गया और करीब 1500 किलोग्राम महुआ जावा तथा 80 लीटर महुआ शराब बरामद की गई. अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में अवैध भट्टियों को नष्ट कर सामग्री जब्त की गई और संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई.
Also Read : मारवाड़ी युवा मंच रांची की पहली कार्यकारिणी बैठक संपन्न, समाजसेवा के कई फैसले
छापेमारी जारी, लेकिन गिरफ्तारी नहीं होने पर उठे सवाल
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगीलोंग, पुड़ियाड़ा और आसपास के गांवों में अब भी 15 से 20 मिनी भट्टियां सक्रिय हैं. हैरानी की बात यह है कि लगातार छापेमारी के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. आरोप है कि छापेमारी की सूचना पहले ही लीक हो जाती है, जिससे संचालक मौके से फरार हो जाते हैं और कुछ दिनों बाद फिर से अवैध शराब का धंधा शुरू कर देते हैं.
Also Read : नामकुम में फूटा गुस्सा: प्रधानमंत्री मोदी का पुतला दहन, ‘यूएस ट्रेड डील’ के खिलाफ सड़कों पर उतरे किसान
सख्ती का दावा, लोगों ने गिरफ्तारी की उठाई मांग
उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में चुनाव के दौरान अवैध शराब की तस्करी की आशंका को देखते हुए अभियान तेज किया गया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सिर्फ भट्टियां तोड़ने से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि अवैध कारोबारियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा जरूरी है, तभी इस पर प्रभावी रोक लग सकेगी.
