Pakur: झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 रविवार को जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई. परीक्षा दो पालियों में संपन्न हो रही है.
परीक्षा के निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने डॉन पब्लिक स्कूल, के.के.एम. कॉलेज और पाकुड़ राज +2 विद्यालय केंद्र का दौरा किया.

कदाचार पर सख्ती, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकलबाजी या अनुचित साधनों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर भी पूरी तरह रोक लगाई गई है.
सुविधाओं और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बिजली और पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
इसके साथ ही परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जा रही है, ताकि पूरी प्रक्रिया पर निगरानी बनी रहे.
