Palamu: मेदिनीनगर पहुंचे केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने परिसदन भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्षी पार्टियों ने इस ऐतिहासिक बिल को रोकने का प्रयास कर देश की करोड़ों महिलाओं और बेटियों का घोर अपमान किया है. संजय सेठ ने 16 और 17 तारीख की घटनाओं को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में काला अध्याय करार दिया और कहा कि जब प्रधानमंत्री देश की आधी आबादी को उनका हक देने की कोशिश कर रहे थे, तब विपक्ष के लोग संसद में इस बिल को गिराकर हंस रहे थे. उन्होंने इसे विपक्ष द्वारा किया गया एक अक्षम्य महापाप बताया और कहा कि देश की बेटियां इस तिरस्कार को कभी नहीं भूलेंगी और वक्त आने पर इसका मुंहतोड़ जवाब देंगी.
यह भी पढ़ें : अब सीएम के डैशबोर्ड पर दिखेगी फाइलों की रफ्तार, झारखंड में शुरू होने जा रहा डिजिटल शासन का नया युग
भाजपा हर हाल में महिला आरक्षण लागू करवाएगी : संजय सेठ
संजय सेठ ने भारतीय जनता पार्टी की मंशा साफ करते हुए कहा कि उनका मकसद केवल चुनावी सीटें बढ़ाना नहीं है, बल्कि देश की बेटियों को संसद और विधानसभाओं तक पहुंचाकर उन्हें नेतृत्व की शक्ति देना है ताकि राष्ट्र की प्रगति में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि बीजेपी महिला आरक्षण को हर हाल में लागू करवा कर रहेगी क्योंकि यह महिलाओं के सशक्तिकरण का संकल्प है. इस अपमान के विरोध में और नारी शक्ति की आवाज बुलंद करने के लिए आगामी 25 तारीख को रांची की सड़कों पर एक बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा. इस विरोध प्रदर्शन में झारखंड के कोने-कोने से हजारों की संख्या में बेटियां शामिल होंगी और अपनी हक की लड़ाई के लिए विपक्ष के खिलाफ हुंकार भरेंगी.
यह भी पढ़ें : एशियन चैंपियनशिप में झारखंड का जलवा, खिलाड़ियों ने DC से साझा की खुशी
‘प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नारी शक्ति को उनका उचित स्थान मिलकर रहेगा’
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नारी शक्ति को उनका उचित स्थान मिलकर रहेगा और विपक्ष की कोई भी बाधा बेटियों को आगे बढ़ने से नहीं रोक पाएगी. प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, पांकी विधायक डॉ कुशवाहा शशि भूषण मेहता, डाल्टनगंज भंडारिया विधायक आलोक चौरसिया, मेयर अरुणा शंकर, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र पांडे, महिला प्रदेश प्रवक्ता लवली गुप्ता, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष रूपा सिंह मंजू लता सहित कई लोग उपस्थित रहे.
