Gumla: थाना क्षेत्र के फसिया पंचायत स्थित ढोढ़रीटोली गांव निवासी 60 वर्षीय गणपत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए रिम्स रेफर किया गया. लेकिन रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और परिजनों ने मामले की जांच की मांग की है.
दवा बनाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार सोमवार रात गणपत सिंह घर पहुंचे थे. उस समय परिवार के अन्य सदस्य पास में आयोजित शादी समारोह में जाने की तैयारी कर रहे थे. उनकी पहली पत्नी सुखमनी देवी और बेटी शादी में चली गईं, जबकि दूसरी पत्नी भुखली देवी अपने दो बच्चों के साथ घर पर ही मौजूद थी.
बताया जा रहा है कि गणपत सिंह जायफर फल और जड़ी-बूटी से दवा तैयार कर रहे थे. दवा बनाने के बाद बिना हाथ धोए खाना खा लिया, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए.
Also Read: गुमला में खाद्य सुरक्षा जांच में लापरवाही उजागर, कई दुकानों को नोटिस
पारिवारिक विवाद की भी चर्चा
मृतक के पारिवारिक जीवन को लेकर भी कई बातें सामने आ रही हैं. बताया जाता है कि उन्होंने दूसरी पत्नी के रूप में भुखली देवी को अपने साथ रखा था, जिससे अक्सर विवाद होता रहता था. पहली पत्नी से उनकी चार बेटियां हैं, जिनमें तीन की शादी हो चुकी है और एक अविवाहित है.
वहीं दूसरी पत्नी से एक पांच साल की बेटी और ढाई साल का बेटा है. यह भी जानकारी मिली है कि दूसरी महिला का पहले से पति और बच्चे हैं और वह दोनों के बीच आती-जाती रहती थी. घटना के समय वह गणपत सिंह के घर में ही मौजूद थी.
जांच की मांग
गणपत सिंह की अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजनों का कहना है कि मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है और उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पंचनामा के बाद शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया.
