Saraikela: घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री सोमेश सोरेन को TSF ओल इटुन आसड़ा, हारुडीह-भादुडीह की ओर से 1 मई (बैसाख कुणामी) के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है. यह आयोजन चांडिल प्रखंड अंतर्गत हारुडीह-भादुडीह में किया जाएगा.
जयंती पर विशेष आयोजन
यह कार्यक्रम आदिवासी अस्मिता, भाषा और संस्कृति के महान प्रतीक एवं ओलचिकी लिपि के जनक पंडित रघुनाथ मुर्मू की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है. पंडित मुर्मू ने संथाली भाषा को ओलचिकी लिपि देकर आदिवासी समाज को अपनी पहचान और गौरव का संदेश दिया था.
पारंपरिक संस्कृति की झलक
आयोजन के तहत पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की जाएगी. मांदर की थाप, नृत्य-संगीत और पारंपरिक वेशभूषा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेंगे.
Also Read: JET-2024 परीक्षा को लेकर रांची प्रशासन अलर्ट, फर्जी अभ्यर्थियों पर रहेगी कड़ी नजर
प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा और प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से SNM ट्रॉफी में चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा. साथ ही विभिन्न स्कूलों के मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया जाएगा. यह पहल युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करेगी.
समिति की अपील और तैयारी
आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम समाज को अपनी भाषा, संस्कृति और शिक्षा के प्रति जागरूक करने का एक सशक्त माध्यम है. विधायक सोमेश सोरेन की उपस्थिति कार्यक्रम को और गरिमा प्रदान करेगी. समिति ने क्षेत्र के लोगों से 1 मई को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है. चांडिल प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोरों पर हैं.
इस मौके पर डॉ. सत्य नारायण मुर्मू, डॉ. चरण हासदा, सत्य रंजन सोरेन, सोनाराम मार्डी, सोनाराम बेसरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
