RANCHI: झारखंड के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है. अब आपको न तो गलत बिजली बिल आने का डर रहेगा और न ही मीटर रीडर का इंतजार करना होगा. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने राज्य में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी है. यह मीटर न केवल आपके बिजली के खर्च को पारदर्शी बनाएगा, बल्कि आपकी जेब भी बचाएगा.
स्मार्ट मीटर: सिर्फ मीटर नहीं, आपका पर्सनल एनर्जी मैनेजर
यह मीटर पूरी तरह डिजिटल है जो खुद-ब-खुद सटीक रीडिंग लेता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि आप मोबाइल ऐप के जरिए रीयल-टाइम में देख सकते हैं कि आपके घर में कितनी बिजली खर्च हो रही है. इससे आप फालतू चल रहे पंखे-लाइट बंद कर अपना बिल कम कर सकते हैं.
प्रीपेड मोड चुनिए और पाइए 3% की सीधी छूट
जैसे आप अपना मोबाइल रिचार्ज करते हैं, ठीक वैसे ही अब आप बिजली भी रिचार्ज कर सकेंगे. स्मार्ट मीटर में प्रीपेड की सुविधा दी गई है. अगर आप इस मोड को चुनते हैं, तो आपको बिजली बिल पर 3% की भारी छूट मिलेगी. आपकी पुरानी सिक्योरिटी मनी को पहले रिचार्ज में एडजस्ट कर दिया जाएगा.
योजना की खास बातें:
- पोस्टपेड की भी सुविधा: जो लोग पहले की तरह इस्तेमाल के बाद पैसा देना चाहते हैं, उनके लिए पोस्टपेड मोड भी उपलब्ध है.
- नेट मीटरिंग: अगर आप घर में सोलर पैनल (सौर ऊर्जा) लगवाना चाहते हैं, तो मीटर बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
- सटीक और भरोसेमंद: निगम ने साफ किया है कि यह मीटर तेज नहीं चलता, बल्कि पूरी तरह सटीक रीडिंग देता है.
- व्हाट्सऐप पर बिल: बिल बनते ही तुरंत आपके मोबाइल और व्हाट्सऐप पर पहुंच जाएगा.
संदेह होने पर घर आकर होगी जांच
अगर आपको लगता है कि मीटर में कोई गड़बड़ी है, तो आप शिकायत कर सकते हैं.झारखंड राज्य बिजली वितरण निगम एक थर्ड पार्टी टीम को आपके घर भेजेगा जो ऑन-साइट मीटर की जांच करेगी। यदि मीटर में कोई खराबी मिली, तो उसे तुरंत बदला जाएगा.
यहां करें संपर्क (हेल्पलाइन नंबर):
- किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए उपभोक्ता इन माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं:
- टोल फ्री नंबर: 1912 या 1800 345 6570
- व्हाट्सऐप/चैटबॉट: 09431135503
- अन्य मोबाइल नंबर: 09431135504
