Jamshedpur: कोल्हान के विभिन्न प्रखंडों में गर्मी का असर देखा जा रहा है. आज शहरी क्षेत्र में तपती धूप और भीषण गर्मी के बीच जुबली पार्क लोगों का सहारा बना हुआ है. 44 डिग्री पार तापमान में लोग पेड़ की छांव के नीचे आराम फरमाते नजर आ रहे हैं.
हरियाली और ठंडी हवा से मिल रही राहत
शहर में इन दिनों तपती धूप और भीषण गर्मी पड़ रही है. तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच चुका है. ऐसे में शहरवासी जुबली पार्क को अपना सहारा बना रहे हैं. घने पेड़ों की छाया, हरी-भरी घास, फूलों के बगीचे और ठंडी हवा लोगों को गर्मी से राहत दे रही है. पार्क की सबसे बड़ी खासियत उसकी हरियाली है. चारों तरफ फैले बड़े-बड़े पेड़, रंग-बिरंगे फूल और साफ-सुथरी घास इसे शहर के बीच एक प्राकृतिक ठंडक का अहसास देते हैं. सुबह से शाम तक बुजुर्ग, बच्चे और युवा यहां पेड़ों के नीचे बैठकर गर्मी से बचते दिख रहे हैं.
Also Read: सरायकेला : उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनी आमलोगों की फरियाद, त्वरित समाधान के दिए आदेश
पेड़ लगाने की अपील, सरकार से भी मांग
पार्क में आए लोगों का कहना है कि जमशेदपुर में गर्मी काफी पड़ रही है. ऐसे में जुबली पार्क में लगे पेड़ इन दिनों लोगों के लिए बड़ा सहारा बने हुए हैं. लोगों को राहत मिल रही है. इसलिए सभी को एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए. लोगों का कहना है कि 44 डिग्री गर्मी में घर के अंदर रहना मुश्किल हो गया है. पंखा-कूलर भी फेल हो रहे हैं. सुबह-शाम यहां आकर पेड़ के नीचे बैठने से राहत मिलती है. लोगों ने सरकार से भी शहर में और पेड़ लगाने की मांग की है.
