रांचीः हेमंत सरकार कैबिनेट की बैठक मंगलवार को हुई. जानकारी के अनुसार लगभग 22 एंजेंडों को मंजूरी दी गई. आचार संहिता के कारण इसकी प्रेस ब्रीफिंग नहीं हुई. सूत्रों के अनुसार कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए, जिनमें प्राइवेट नर्सिंग कॉलेजों में नामांकित छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति देना शामिल है. इसके अलावा, नेतरहाट आवासीय विद्यालय के सभापति के लिए योग्यता निर्धारित की गई. चाईबासा में अबुआ आवास निर्माण के प्रस्ताव को स्थगित कर दिया गया है.

क्या लिए गए फैसले?
नर्सिंग छात्रों को राहत: प्राइवेट नर्सिंग कॉलेजों में नामांकित छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति
नेतरहाट में बदलाव: सभापति के लिए योग्यता निर्धारित, जेपीएससी या जेएसएससी से नियुक्ति
अबुआ आवास निर्माण: चाईबासा में प्रस्ताव स्थगित, नये सिरे से प्रस्ताव देने का निर्देश
साइंस सिटी विकास: 255 करोड़ के खर्च की प्रशासनिक स्वीकृति
सड़क निर्माण: मनोहरपुर में 11 किलोमीटर सड़क सहित अन्य दो सड़कों के निर्माण की स्वीकृति
क्या दिया निर्देश?
जानकारी के अनुसार चाईबासा क्षेत्र में अबुआ आवास निर्माण के प्रस्ताव को स्थगित कर दिया गया. ग्रामीण विकास विभाग को नये सिरे से प्रस्ताव देने का निर्देश दिया है. सीएम ने कहा अबुआ आवास निर्माण में स्थानीय लोगों के रहन-सहन और भवन निर्माण संबंधी मैटेरियल का उपयोग किया जाए.
नेतरहाट आवासीय विद्यालय के नियमों में बदलाव
जानकारी के अनुसार सरकार ने नेतरहाट आवासीय विद्यालय के संचालन में बदलाव किया है. अब सभापति के लिए योग्यता निर्धारित कर दी गई है, जिसमें कला, संस्कृति, विज्ञापन, प्रबंधन या अन्य क्षेत्रों में 10 वर्ष का अनुभव जरूरी होगा. इसके अलावा, विद्यालय के प्राचार्य, उप प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मियों की नियुक्ति जेपीएससी या जेएसएससी के माध्यम से होगी.
यह भी पढ़ें: राज्यसभा महुआ माझी के खिलाफ FIR रद्द, हाईकोर्ट से बड़ी राहत

