News Desk : देश की अंतरिक्ष एजेंसी ISRO ने 9वीं कक्षा के छात्रों के लिए Young Scientists Programme यानी YUVIKA की घोषणा की है. इस खास कार्यक्रम का उद्देश्य कम उम्र में ही बच्चों में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति रुचि जगाना है. चयनित छात्रों को अंतरिक्ष अनुसंधान की दुनिया को करीब से देखने और समझने का मौका मिलेगा. यह कार्यक्रम सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है. छात्र ISRO के अलग-अलग केंद्रों का दौरा करेंगे, आधुनिक प्रयोगशालाएं देखेंगे और वैज्ञानिकों से सीधे बातचीत करेंगे. उन्हें बताया जाएगा कि रॉकेट कैसे तैयार होते हैं, सैटेलाइट कैसे लॉन्च होते हैं और स्पेस टेक्नोलॉजी कैसे काम करती है. यानी बच्चों को असली वैज्ञानिक माहौल का अनुभव मिलेगा.

कौन कर सकता है आवेदन
इस कार्यक्रम में वही छात्र आवेदन कर सकते हैं जो 1 जनवरी 2026 तक 9वीं कक्षा में पढ़ रहे हों. छात्र किसी भी मान्यता प्राप्त स्कूल से होना चाहिए. देश के हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से छात्रों को मौका दिया जाएगा ताकि सभी क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व हो सके.
कैसे होगा चयन
चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी.
• 8वीं कक्षा के अंकों को 50 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा.
• ऑनलाइन क्विज के लिए 10 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं.
• विज्ञान प्रदर्शनी, ओलंपियाड, खेलकूद, NCC या NSS में भाग लेने पर अतिरिक्त अंक मिलेंगे.
• पंचायत क्षेत्र के स्कूलों के छात्रों को 15 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ दिया जाएगा.
इस तरह पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में सक्रिय छात्रों को भी बढ़त मिलेगी.
क्या सुविधाएं मिलेंगी
चयनित छात्रों को ISRO केंद्रों का दौरा करने का मौका मिलेगा. वे वैज्ञानिकों से सीधे संवाद कर सकेंगे और प्रयोगशालाओं में चल रहे शोध कार्य को देख सकेंगे. सबसे खास बात यह है कि रहने, खाने और यात्रा की पूरी व्यवस्था ISRO की ओर से की जाएगी. छात्रों और उनके परिवार पर किसी तरह का आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा.
ऐसे करें आवेदन
-सबसे पहले YUVIKA 2026 की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
-होमपेज पर Apply for YUVIKA Registration लिंक पर क्लिक करें.
-नए उम्मीदवार पहले रजिस्ट्रेशन करें और जरूरी जानकारी भरें.
-रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन आईडी और पासवर्ड से पोर्टल में लॉगिन करें.
-आवेदन फॉर्म भरकर सबमिट कर दें.

