RANCHI: झारखंड में कथित राजकोष घोटाले को लेकर सियासत तेज हो गई है. भाजपा संसद सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि यह घोटाला बिहार के बहुचर्चित पशुपालन और चारा घोटाले से भी बड़ा रूप ले सकता है. उन्होंने कहा कि फिलहाल छोटे-छोटे खुलासे सामने आ रहे हैं, लेकिन जिस तरह से सूचनाएं सामने आ रही हैं, उससे साफ संकेत मिलता है कि वर्षों से यह गड़बड़ी सुनियोजित तरीके से चल रही थी.
राजकोष को दीमक की तरह खोखला करने का आरोप
संजय सेठ ने आरोप लगाया कि इस घोटाले ने राज्य के राजकोष को दीमक की तरह खोखला कर दिया है. उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि इतने लंबे समय तक राजकोष से धन की निकासी होती रही और किसी स्तर पर इसकी भनक तक नहीं लगी, जो अपने आप में बेहद गंभीर मामला है.
Also Read: झारखंड: बिना आदेश के मुख्यालय छोड़ने वाले छह एसपी रैंक के अफसरों को शो-कॉज
CBI जांच की मांग
उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी जानी चाहिए. उनका कहना है कि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए यह जरूरी है, ताकि सच सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो.
