Bundu/Tamar (Ranchi): तमाड़ प्रखंड के जानुमपीढ़ी पंचायत की मुखिया रीना देवी के पुत्र नवनीत सिंह मुंडा की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.

खड़ी पिकअप वैन से बाइक की टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार नवनीत सिंह मुंडा अपने साथी आरव सिंह मुंडा के साथ बुंडू से घर लौट रहे थे. इसी दौरान सलगाडीह के समीप सड़क के बीचों-बीच खड़ी टमाटर लदी पिकअप वैन से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
ALSO READ: ‘फूल-मालाओं के बीच गूंजा सेवा का वादा: बुंडू में सिकंदर खान का जोरदार स्वागत’
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तमाड़ पहुंचाया. डॉक्टरों ने नवनीत को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई. वहीं, आरव सिंह मुंडा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पहले ट्रॉमा सेंटर, बुंडू और फिर बेहतर इलाज के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) रेफर कर दिया गया है.
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है. स्थानीय मानकी उमाकांत सिंह ने इस हादसे को गंभीर लापरवाही बताते हुए सड़क के बीच वाहन खड़ा करने वाले ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
