जनगणना 2027 में बड़ा बदलाव, पहली बार पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया लागू

Chatra: समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त रवि आनंद ने जनगणना 2027 को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने बताया कि जनगणना 2027...

Chatra: समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त रवि आनंद ने जनगणना 2027 को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 देश की 16वीं और स्वतंत्रता के बाद की 8वीं जनगणना होगी, जिसे पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराया जाएगा.

दो चरणों में होगी जनगणना

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना दो चरणों में आयोजित होगी. पहले चरण में मकान सूचीकरण और भवन गणना की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या गणना होगी.डीसी के अनुसार 01 से 15 मई 2026 तक सेल्फ एन्यूमरेशन किया जाएगा. 16 मई से 14 जून तक हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन चलेगा और फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना प्रस्तावित है.

33 सवालों का देना होगा जवाब

उन्होंने बताया कि जिले में 13 चार्ज (12 ग्रामीण और 1 शहरी) बनाए गए हैं. इसके तहत 2418 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक चिन्हित किए गए हैं. यहां 343 सुपरवाइजर और 1928 प्रगणक तैनात किए गए हैं. सभी कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और 25 अप्रैल तक आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

डीसी ने बताया कि सेल्फ एन्यूमरेशन के लिए 33 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं, जिन्हें आम नागरिक 01 से 15 मई के बीच आधिकारिक पोर्टल पर खुद भर सकते हैं. उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है, इसलिए सभी नागरिक सही और समय पर जानकारी दें.

साइबर फ्रॉड से रहें सावधान 

उपायुक्त रवि आनंद ने चेतावनी दी कि जनगणना पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है. किसी भी व्यक्ति द्वारा फोन, OTP या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी नहीं मांगी जाएगी. अगर कोई ऐसी जानकारी मांगता है, तो तुरंत जिला प्रशासन को सूचित करें. उन्होंने बताया कि जनगणना ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी. नागरिक चाहें तो खुद पोर्टल पर जानकारी अपलोड कर सकते हैं या प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे.

ये अधिकारी रहे मौजूद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी जहुर आलम, सांख्यिकी पदाधिकारी मनोरंजन झा और जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.

ALSO READ: आत्महत्या के बाद बिना सूचना अंतिम संस्कार की थी तैयारी, पुलिस ने बीच में रोका, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *