Saraikela : भीषण गर्मी और 40 डिग्री पार तापमान के बीच ‘संवेदना’ टीम ने इंसानियत की मिसाल पेश की है. RIT थाना क्षेत्र के गायत्री स्कूल के समीप प्याऊ की शुरुआत की गई है. मजदूर दिवस के मौके पर थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह, वार्ड 30 के पार्षद सुधीर चौधरी और संस्था के सदस्यों ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया. इस पहल का उद्देश्य राहगीरों, मजदूरों और जरूरतमंदों को गर्मी से राहत पहुंचाना है.
Also Read : विनीत तिवारी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी के घर छापा
प्याऊ में ठंडा पानी, नींबू शर्बत और गुड़-पानी की व्यवस्था
गर्मी की तपिश को देखते हुए प्याऊ में मिट्टी के घड़ों का ठंडा पानी, नींबू शर्बत और गुड़-पानी की व्यवस्था की गई है. राहगीर, मजदूर, रिक्शा चालक समेत बड़ी संख्या में लोग यहां रुककर अपनी प्यास बुझा रहे हैं. संस्था के सदस्यों ने बताया कि पहले शहर में जगह-जगह प्याऊ लगती थीं, जो सेवा और अपनत्व की पहचान थीं, लेकिन समय के साथ यह परंपरा धीरे-धीरे खत्म होती चली गई.
लोगों से भी अपील, 15 मई तक चलेगी सेवा
थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने इस पहल को इंसानियत का सुंदर उदाहरण बताया, वहीं पार्षद सुधीर चौधरी ने कहा कि जरूरत के अनुसार अन्य जगहों पर भी प्याऊ लगाई जाएगी. संस्था ने आम लोगों से अपने घर और दुकानों के बाहर पानी रखने की अपील की है. ‘संवेदना’ टीम के अनुसार यह प्याऊ फिलहाल 15 मई तक रोज सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होगी, जिसे जरूरत पड़ने पर आगे भी बढ़ाया जा सकता है.
