Saraikela : अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर सभागार में इंटक (सरायकेला-खरसावां जिला कमेटी) द्वारा भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम इंटक जिला अध्यक्ष केपी तिवारी के नेतृत्व में हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शामिल हुए. उन्होंने टाटा, आदित्यपुर और पूरे राज्य के मजदूरों को बधाई देते हुए कहा कि देश के विकास में मजदूरों का योगदान सबसे अहम है.
Also Read : भीषण गर्मी में ‘संवेदना’ की पहल, सरायकेला में प्याऊ का शुभारंभ
“मजदूरों का मसीहा” बताए गए राकेश्वर पांडेय
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए केशव महतो कमलेश ने कहा कि कारखानों से लेकर खेत-खलिहानों तक मजदूरों की मेहनत से ही देश आगे बढ़ता है. उन्होंने इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें मजदूरों का मसीहा बताया. उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से हाल ही में टाटा मोटर्स में करीब 2700 अस्थायी मजदूरों को स्थायी किया गया, जो एक बड़ी उपलब्धि है.
स्थानीय रोजगार और न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग
कार्यक्रम में मजदूरों से जुड़ी कई अहम मांगों पर चर्चा हुई. इनमें औद्योगिक क्षेत्र में 75 प्रतिशत स्थानीय मजदूरों को रोजगार, ठेका प्रथा समाप्त कर स्थायी नियुक्ति, न्यूनतम वेतन 26000 रुपये मासिक करने और ESI-PF का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही. कार्यक्रम में इंटक और कांग्रेस के कई पदाधिकारी और सैकड़ों मजदूर मौजूद रहे. अंत में मजदूर एकता जिंदाबाद के नारे लगाए गए और शहीद मजदूरों को श्रद्धांजलि दी गई.
