Koderma: तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत असनाबाद स्थित सेक्रेड हार्ट स्कूल में रविवार की रात कक्षा 10वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. स्कूल के हॉस्टल की यह घटना है. इसके बाद परिजनों ने सोमवार को तिलैया के महाराणा प्रताप चौक पर शव रखकर रांची-पटना मार्ग को जाम कर दिया. प्रदर्शन के कारण सड़क की दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई. आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया. स्कूल प्रबंधन पर कर्रवाई करने की मांग की. सूत्रों से खबर मिल रही है कि बीती रात तिलैया पुलिस ने सेक्रेड हार्ट स्कूल के परिसर में औचक छापेमारी की, जहां तलाशी के दौरान बंदूक की गोली (कारतूस) बरामद की गई है. हालांकि इस मामले मे पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है.
यह भी पढ़ें : ‘दर्द से लोकतंत्र तक’ बेटी के इंसाफ की लड़ाई में मां की बढ़त, भावनाओं की जीत की ओर बढ़ता जनादेश
अगले साल 10वीं बोर्ड का परीक्षा देने वाला था छात्र
मृतक छात्र की पहचान कोडरमा थाना क्षेत्र के लक्खीबागी फरेंदा निवासी विजय यादव के 17 वर्षीय पुत्र उदित यादव के रूप में हुई है. मामले की जानकारी देते हुए मृतक के बड़े भाई आदित्य कुमार ने बताया कि रविवार को वह अपने भाई उदित को कुछ सामान पहुंचाने के लिए दो बार विद्यालय गए हुए थे. दूसरी बार वह शाम करीब 5:30 बजे कुछ जरूरी सामान देखकर घर लौटे ही थे कि अचानक विद्यालय के एक छात्र ने उनके मोबाइल पर फोन किया और सूचना दी कि उदित की तबीयत काफी खराब है, आप जल्द से जल्द स्कूल आ जाएं. इसके बाद आदित्य अपने भाई रोहित के साथ विद्यालय पहुंचा. वहां जाने पर उसने देखा कि उदित हॉस्टल के एक कमरे में जमीन पर मृत अवस्था में लेटा हुआ था. विद्यालय प्रबंधन से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उदित ने कमरे में गमछे के सहारे फांसी लगा ली है. हालांकि उदित के जिंदा बचने की एक उम्मीद में विद्यालय प्रबंधन ने एक निजी गाड़ी से उसे सदर अस्पताल कोडरमा लाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
यह भी पढ़ें : प्रोजेक्ट भवन की सुरक्षा में सेंध, एसबीआई शाखा से एसी के कॉपर वायर चोरी
परिजनों ने मामले की जांच की मांग की
आदित्य ने बताया कि उदित अगले वर्ष कक्षा दसवीं की परीक्षा देने वाला था. बेहतर तैयारी हो सके इसलिए उसका सेक्रेड हार्ट स्कूल के हॉस्टल में पांच माह पूर्व ही दाखिला कराया गया था. इधर परिजनों का आरोप है कि उदित ऐसी घटना को अंजाम दे ही नहीं सकता. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. परिजनों का कहना है कि वे उदित की मौत की निष्पक्ष जांच करवाना चाहते हैं ताकि इसकी हकीकत सामने आ सके.
