Chennai : तमिलनाडु में टीवीके राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. पार्टी प्रमुख विजय थलापति द्रविड़ राजनीति के संस्थापक सीएन अन्नादुरई को श्रद्धांजलि अर्पित कर नई शुरुआत के संकेत दिए. चेन्नई के पास पनैयूर स्थित पार्टी मुख्यालय में नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई, जिसमें विजय को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया.
सीएम एमके स्टालिन ने दिया इस्तीफा, जनता का जताया आभार
राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद सत्ता परिवर्तन की सुगबुगाहट के बीच मुख्यमंत्री का यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सूत्रों का कहना है कि एमके स्टालिन ने अपना इस्तीफा सौंप कर राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ कर दिया है. पार्टी सूत्रों ने जानकारी दी है कि उनका इस्तीफा पत्र राज्य के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर के कार्यालय को भेज दिया गया है. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद एमके स्टालिन ने राज्य की जनता का दिल से आभार जताया है. सत्ता हाथ से जाने के बावजूद स्टालिन ने चुनाव नतीजों को स्वीकार करते हुए द्रमुक गठबंधन का साथ देने वाले सभी मतदाताओं को धन्यवाद दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि भले ही उनकी पार्टी चुनाव हार गई है, लेकिन जनता द्वारा दिया गया एक-एक वोट उनके लिए भरोसे का एक अनमोल प्रतीक है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए स्टालिन ने जनता के सामने कुछ अहम आंकड़े रखे. उन्होंने बताया कि इस चुनाव में द्रमुक गठबंधन को कुल 1 करोड़ 54 लाख 82 हजार 782 वोट मिले हैं. स्टालिन ने कहा कि जीतने वाली पार्टी और द्रमुक के बीच वोटों का फासला बहुत ज्यादा नहीं है. जीतने वाली पार्टी को द्रमुक से सिर्फ 17.43 लाख वोट ही ज्यादा मिले हैं, जो कि कुल वोटों के प्रतिशत में मात्र 3.52 प्रतिशत का मामूली अंतर है.
यह भी पढ़ें : पर्यवेक्षकों के नामों की घोषणा : भाजपा ने अमित शाह को बंगाल का जबकि जेपी नड्डा को बनाया असम का पर्यवेक्षक
वीसीके ने सरकार को समर्थन देने पर नहीं लिया है फैसला
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर सियासी हलचल तेज है. इसी बीच टीवीके को समर्थन देने के सवाल पर विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) के प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने बड़ा बयान दिया है. चेन्नई में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने अभी तक इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं किया है.
