Koderma: जयनगर थाना क्षेत्र के पिपचो-डोमचांच मुख्य मार्ग स्थित खोवा पहाड़ी के समीप मंगलवार की दोपहर करीब 1 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतका की पहचान पनवा देवी उम्र 80 वर्ष पति महादेव साव के रूप में हुई है.
मसनोडीह की ओर जाने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चलकुशा निवासी संजय साव उम्र 55 वर्ष पिता पोखन साव अपनी फुआ पनवा देवी के साथ बाइक से बनगवां मसनोडीह की ओर जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को संभाला. स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए 108 एंबुलेंस को सूचना दी और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भिजवाया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
अस्पताल में इलाज के दौरान पनवा देवी की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं संजय साव की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है. घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है. इधर, सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और चालक को पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है. स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नियमित जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
यह भी पढ़ें: पेंशन योजनाओं के भौतिक सत्यापन को लेकर जागरूकता रथ रवाना, 25 मई तक चलेगा अभियान
