Bokaro: जैनामोड़-फुसरो सड़क मार्ग में गुरुवार अहले सुबह सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक की पहचान बालीडीह ओपी थाना अंतर्गत मानगो केवट टोला निवासी नकुल महली (60 वर्षीय) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार मृतक नकुल महली अपने निजी कार्य से साइकिल से जैनामोड़ जा रहा था और इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. घटना गुरुवार जैनामोड़ फुसरो मेन रोड में कलाली मोड़ के पास घटी. घटना के तुरंत बाद ग्रामीण पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी.

घटना के बाद सड़क जाम
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और कलाली मोड़ के पास मेन रोड को जाम कर दिया. ओपी थाना प्रभारी आनंद आजाद सदलबल घटना स्थल पर पहुंचे. उन्होंने मृतक नकुल के परिजनों को हिट एंड रन मामले में सरकार की ओर से मिलने वाली मुआवजा राशि दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ.
