Hazaribagh: झारखंड में जमीन के दस्तावेजों और म्यूटेशन से संबंधित कार्यों के लिए उपयोग होने वाला सरकारी पोर्टल ‘झारभूमि’ अगले दो दिनों तक पूरी तरह बंद रहेगा. राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने तकनीकी कारणों और सुरक्षा मानकों को अपग्रेड करने के उद्देश्य से यह सूचना जारी की है. इस आशय का पत्र हजारीबाग DC और जिला अवर निबंधक को भी मिला है.
सेवा बंद होने की वजह
विभाग की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, जिला स्तर पर राजस्व कार्यालयों में उपयोग किए जा रहे Desktop/Laptop के MAC ID एवं IP Address को Jharnet Firewall के साथ मैपिंग करने का कार्य किया जा रहा है. इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य पोर्टल की सुरक्षा को बढ़ाना और अनाधिकृत पहुंच को रोकना है.

जरूरी तारीख और समय
- बंद होने की तिथि: 7 मई 2026 और 8 मई 2026 (पूर्ण रूप से बंद).
- सेवा बहाली: 9 मई 2026 को दोपहर 12.00 बजे के बाद.
Also Read: रेलवे संपत्ति चोरी के आरोप में तीन गिरफ्तार, 3600 रुपये का सामान बरामद
आम जनता पर असर
इस अवधि के दौरान आम नागरिक पोर्टल के माध्यम से होने वाली Citizen-centric सेवाओं का लाभ नहीं उठा सकेंगे. इसमें ऑनलाइन लगान भुगतान, म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) की स्थिति चेक करना, खतियान देखना और नए आवेदन जमा करना जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं.
अधिकारियों को विशेष निर्देश
उप निदेशक नूतन कुमारी द्वारा जारी आदेश में सभी उपायुक्तों और जिला अवर निबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि स्वतः दाखिल-खारिज से संबंधित किसी भी ट्रांजेक्शन का डेटा लॉस न हो, इसे सुनिश्चित किया जाए. विभाग ने तकनीकी टीम को निर्धारित समय सीमा के भीतर मैपिंग का कार्य पूरा करने को कहा है.
