Chakradharpur: चक्रधरपुर जिले में व्याप्त भीषण बिजली कटौती और गहराते पेयजल संकट के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने आज हुंकार भरी. जिला अध्यक्ष दीपक पासवान के नेतृत्व में आयोजित ‘आक्रोश प्रदर्शन’ के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय का घेराव किया और राज्य की हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

बिजली-पानी संकट पर सरकार को घेरा
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष दीपक पासवान ने सरकार पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा आज चक्रधरपुर की स्थिति नारकीय हो चुकी है. भीषण गर्मी में ग्रामीण इलाकों में 12 से 14 घंटे तक बिजली गुल रहती है, वहीं शहरों में लो-वोल्टेज के कारण उपकरण शोपीस बन गए हैं. पानी के लिए महिलाओं को मीलों पैदल चलना पड़ रहा है क्योंकि हैंडपंप खराब हैं और जलमीनारें सूखी पड़ी हैं.

पासवान ने आगे कहा कि यह सरकार केवल भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण में व्यस्त है, उसे आम जनता की तकलीफों से कोई सरोकार नहीं है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “यह तो महज शुरुआत है. अगर एक सप्ताह के भीतर बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ और जलापूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो भाजपा पूरे जिले में चक्का जाम करेगी. हम जनता के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे.”
ALSO READ: बिहार-झारखंड के 5 करोड़ पैन धारक, ITR भरते हैं सिर्फ 40 लाख
नेताओं ने भरी कार्यकर्ताओं में जोश
वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विजय सिंह गागराई ने भी सभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं. जले हुए ट्रांसफॉर्मर हफ्तों तक नहीं बदले जाते.
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए नारा दिया–
“बिजली-पानी दे न सके जो, वो सरकार निकम्मी है;
जो सरकार निकम्मी है, वो सरकार बदलनी है.”
प्रदर्शन के अंत में महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन स्थानीय प्रशासन को सौंपा गया, जिसमें अविलंब बिजली-पानी की समस्या के समाधान की मांग की गई है.
आक्रोश प्रदर्शन में मुख्य रूप से सुरेश साव, अनूप दुबे, राम प्रकाश दास, राम बाबू, सोनी विश्वकर्मा, अरविंद ठाकुर, संदीप साव, हेमंत राव, मालती गिलुआ, रानी बंदिया, अनिमा मिंज, सुखमती मुखी, बसंती महली, सुनील गुप्ता, रवींद्र गुप्ता, कैलास गुप्ता, सुशांत नायक, दामू हासदा, कुंवर हासदा आदि, सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए.

