डुमरी एवं निमियाघाट थाना क्षेत्र में परिवहन विभाग की कार्रवाई
Giridih: जिले में सड़क सुरक्षा एवं अवैध परिवहन पर नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को जीटी रोड पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में डुमरी एवं निमियाघाट थाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान संचालित किया गया. अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए तीन भारी वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई. जांच के क्रम में वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई. कई वाहनों में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर चालकों को कड़ी चेतावनी भी दी गई. जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: डीसी के निर्देश पर खराब चापाकलों-जलमीनारों की मरम्मत के लिए विशेष अभियान, एक दिन में 22 चापाकल दुरुस्त


सभी आवश्यक दस्तावेज रखने का निर्देश
उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग, बिना वैध कागजात एवं यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. परिवहन विभाग एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से जीटी रोड पर नियमित जांच अभियान चलाने की बात कही गई है, ताकि अवैध परिवहन गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ-साथ आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके.
यह भी पढ़ें: गैंगस्टर प्रिंस खान का वीडियो शेयर करने वाले नेताओं पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन नाराज
