Saraikela: उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में खराब पड़े चापाकलों तथा जलमीनारों की मरम्मति के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत गुरुवार को विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी टीमों द्वारा कुल 22 खराब चापाकलों की मरम्मत की गयी. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की टीमों ने चिन्हित खराब पेयजल स्रोतों का निरीक्षण कर तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किया. प्राप्त शिकायतों एवं चिन्हित स्थलों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निरंतर अनुश्रवण किया जा रहा है. कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला-खरसावां के मार्गदर्शन में संबंधित टीमों द्वारा शेष खराब चापाकलों एवं जलमीनारों की भी चरणबद्ध तरीके से शीघ्र मरम्मति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.


जिला प्रशासन ने कहा- ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की ना हो कमी
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति निर्बाध रूप से संचालित हो सके. गर्मी के मौसम को देखते हुए खराब हैंडपंपों और जलमीनारों को प्राथमिकता पर ठीक किया जा रहा है. डीसी नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना प्राथमिकता है. खराब स्रोतों की सूचना 24×7 कंट्रोल रूम में दी जा सकती है. लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई होगी.
यह भी पढ़ें: हीना बीबी को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर आजसू का कैंडल मार्च, उच्चस्तरीय जांच की उठी मांग
