Ranchi : कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने वाले राजनेताओं के खिलाफ झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने नाराजगी जताई है. हाल ही में प्रिंस खान ने एक वीडियो जारी कर धनबाद के एसएसपी को चुनौती दी थी. इस वीडियो को कई नेताओं द्वारा अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किए जाने पर पुलिस एसोसिएशन ने आपत्ति दर्ज कराई है. राहुल कुमार मुर्मू ने कहा कि यदि कोई अपराधी किसी पुलिस अधिकारी को चुनौती देता है, तो वह सीधे संविधान और कानून व्यवस्था को चुनौती देने का काम करता है.
Also Read : आईआईएम रांची के छात्र को मिला 1.2 करोड़ रुपये का पैकेज, अफ्रीकी कंपनी में बने सीईओ

अपराधियों को नायक बनाकर गलत संदेश दे रहे नेता: राहुल मुर्मू
राहुल कुमार मुर्मू ने कहा कि जिन राजनेताओं के पास कानून बनाने की शक्ति है, वही यदि अपराधियों के वीडियो साझा करेंगे तो इससे समाज में गलत संदेश जाएगा कि कानून से बड़ा बाहुबल है. उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीतिक अवसरवादिता से पुलिस बल का मनोबल कमजोर होता है. उन्होंने नेताओं से अपील की कि यदि किसी पुलिस पदाधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ शिकायत है तो वे सीधे मुख्यमंत्री या संबंधित मंचों पर शिकायत करें, लेकिन किसी अपराधी के वीडियो का सहारा न लें.
Also Read : सरायकेला में शराब दुकान शिफ्ट करने की तैयारी, लोगों से मांगी गई आपत्तियां
अपराधियों को प्रचार मिलने से समाज में बढ़ता है भय का माहौल
पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अपराधी धमकी भरे वीडियो जारी कर समाज में भय पैदा करना चाहते हैं और जब जनप्रतिनिधि इन्हें साझा करते हैं तो वे अनजाने में उस डर को और फैलाने का काम करते हैं. उन्होंने कहा कि आम नागरिक जब अपने नेताओं को अपराधियों के कंटेंट के साथ खड़ा देखेंगे तो उनका पुलिस पर भरोसा कमजोर होगा. राहुल मुर्मू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सोशल मीडिया के जरिए अपराध और गैंगस्टर संस्कृति को ग्लैमराइज किया गया तो युवा पीढ़ी कानून का पालन करने के बजाय अपराध की ओर आकर्षित हो सकती है, जिससे राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखना और कठिन हो जाएगा.
