Ranchi: रांची के वार्ड संख्या 2 में शुक्रवार को विकास कार्यों की नई शुरुआत हुई. शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने तीन अलग-अलग परियोजनाओं का शिलान्यास किया. महापौर रोशनी खलखो ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद योजनाओं की आधारशिला रखी. नगर निगम की ओर से मिसिर गोंदा इलाके में सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य शुरू कराया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में लंबे समय से सार्वजनिक शौचालय की जरूरत महसूस की जा रही थी, जिससे अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: राहुल दुबे गैंग का डिजिटल आतंक: कॉल-मैसेज से रंगदारी, नहीं देने पर बम-गोली की धमकी

आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की कोशिश
इसके अलावा सुचित्रा इंक्लेव के पास RCC नाली, कलवर्ट और स्लैब निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया. माना जा रहा है कि इससे बारिश के दौरान जलजमाव और सड़क पर बहने वाले गंदे पानी की समस्या में काफी सुधार आएगा. वहीं बिरसा कॉलोनी दुलिया दहर में देवी दयाल मुंडा के घर से गंगा नारायण के घर तक RCC नाली और PCC सड़क निर्माण योजना की भी शुरुआत की गई. इस परियोजना के पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क और जल निकासी सुविधा मिलेगी. शिलान्यास कार्यक्रम में महापौर रोशनी खलखो के साथ उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड पार्षद सविता कच्छप और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर निगम लगातार मोहल्लों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहा है और आने वाले दिनों में भी कई नई योजनाएं शुरू की जाएंगी.

यह भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी को झारखंड भाजपा के नेताओं ने दी बधाई
