Ranchi : जिले के खलारी थाना क्षेत्र की रहने वाली 29 वर्षीय शिक्षिका पायल कुमारी ने आत्महत्या कर ली है. घटना शनिवार देर शाम की है. जहां विषाक्त पदार्थ खाकर पायल ने आत्महत्या की. परिजनों के अनुसार शनिवार को स्कूल से लौटने के बाद पायल ने सामान्य रूप से खाना खा कर अपने कमरे में चली गईं. कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने लगी. तब घरवालों को विषाक्त पदार्थ सेवन की जानकारी मिली. आनन फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर खलारी पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम के लिए रांची भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. जानकारी हो कि पायल डकरा स्थित राज चिल्ड्रन स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं.
पांच माह पहले प्रेमी ने मारी थी गोली
बताया जाता है कि 26 दिसंबर 2025 को पायल कुमारी को उनके प्रेमी सुनील केवट उर्फ छोटू ने स्कूल जाते समय रास्ते में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. घटना के बाद सुनील ने खुद को भी गोली मार ली थी. जिससे उसकी मौत हो गई थी. घटना से पहले सुनील ने एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने पायल के साथ अपने प्रेम संबंधों और कथित धोखे का जिक्र किया था. गोली लगने के बाद पायल का इलाज रांची के रिम्स में चला था. लंबे इलाज के बाद वह स्वस्थ होकर दोबारा नौकरी पर लौटी.

मानसिक तनाव से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रेमी की मौत के बाद पायल काफी मानसिक तनाव में रहने लगी थीं. घरवालों के द्वारा किए जाने वाले कटाक्ष, ताने और व्यंग्यपूर्ण टिप्पणियों से पायल परेशान थी. बताया जाता है कि इसी बात को लेकर घर में भी अक्सर विवाद की स्थिति बनती थी.
करीबी लोगों का कहना है कि बाहर से सामान्य दिखने वाली पायल भीतर से गहरे अवसाद और सामाजिक दबाव से जूझ रही थीं. फिलहाल पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
