Delhi / Ranchi : पूर्व मंत्री आलमगीर आलम की जमानत याचिका पर सुनवाई सोमवार को होगी. मामला सुप्रीम कोर्ट में है. जो टेंडर घोटाला के जरिए करोड़ों रुपए की मनी लाउंड्रिंग करने से संबधित है. पिछली सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने ईडी को इस केस से जुड़े चार अहम गवाहों के बयान नहीं होने पर अगली तारीख 11 मई दी थी. सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस एम एम सुंदरेश्वर और जस्टिस एन कोटीश्वर सिंह की बेंच में आलमगीर आलम की याचिका सुनवाई होगी.
कल यानी सोमवार को होने वाली सुनवाई आलमगीर आलम के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. पिछले वर्ष 11 जुलाई को झारखंड हाईकोर्ट ने आलमगीर आलम की जमानत याचिका को खारिज करते हुए उन्हें जमानत देने से इंकार कर दिया था. जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया. आलमगीर आलम की जमानत याचिका झारखण्ड हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की कोर्ट ने खारिज की थी. पिछली सरकार में मंत्री रहे आलमगीर आलम को ईडी ने पिछले वर्ष 15 मई को गिरफ्तार किया था. तब से वह जेल में हैं. आरोपों के मुताबिक उनके आप्त सचिव संजीव कुमार लाल एवं उनके नौकर जहांगीर आलम के यहां से 32.30 करोड़ रुपये नकद बरामदी हुई थी. पैसे बरामद होने के बाद आलमगीर आलम को गिरफ्तार किया गया था.
ALSO READ : एसडीपीओ ने किया थानों का औचक निरीक्षण, दिया विशेष दिशा निर्देश

