Hazaribagh : हजारीबाग अब सिर्फ शिक्षा और प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान बनाने की ओर अग्रसर है, जिला प्रशासन और नगर विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से चरही घाटी की तस्वीर बदलने की एक बड़ी योजना तैयार की गई है, जिस चरही घाटी को अब तक लोग केवल भीषण सड़क दुर्घटनाओं के लिए जानते थे, आने वाले दिनों में वह अपनी सुंदरता और आधुनिक सुविधाओं के लिए प्रसिद्ध होगी. इस पूरी घाटी को कश्मीर के प्रसिद्ध ‘ट्यूलिप गार्डन’ की तर्ज पर विकसित करने का प्रस्ताव है.
क्या हैं खास योजनाएं?

नगर निगम के अनुसार, इस साल बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा और घाटी के दोनों किनारों पर रंग-बिरंगे फूल लगाए जाएंगे। इसके अलावा पर्यटकों को लुभाने के लिए यहाँ कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ी जाएंगी.
सेल्फी पॉइंट और ग्लास ब्रिज
पर्यटकों के रोमांच के लिए यहाँ खास सेल्फी पॉइंट्स और एक आधुनिक ग्लास ब्रिज बनाने का प्रस्ताव है.
एडवेंचर और फिटनेस
युवाओं के लिए यहाँ स्केटिंग रिंक, ओपन जिम, रनिंग ट्रैक और विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों की व्यवस्था होगी.
योग और मेडिटेशन सेंटर
शांति और सुकून की तलाश में आने वाले लोगों के लिए यहाँ विशेष केंद्र बनाया जाएगा.
लोकल फूड स्टॉल
सैलानियों को स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखने के लिए व्यवस्थित फूड स्टॉल्स मिलेंगे.
मॉडल स्पोर्ट्स सेंटर
खिलाड़ियों की ट्रेनिंग के लिए एक अत्याधुनिक सेंटर भी इस योजना का हिस्सा है.
रोजगार और विकास को मिलेगी रफ्तार
चरही घाटी के कायाकल्प से न केवल हजारीबाग का मान बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे, इस योजना को हजारीबाग को झारखंड के सबसे खूबसूरत शहरों में शामिल करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, पूरा परिसर प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ रखा जाएगा, ताकि पर्यावरण की शुद्धता बनी रहे.
Also Read : मनरेगा और लीड्स का असर, बंदगांव की दो महिलाओं ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी
