Ranchi: झारखंड में अवैध खनन और खनिज व्यापार पर लगाम लगाने के लिए खान विभाग ने निगरानी सख्त कर दी है. विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार मेजर मिनरल (मुख्य खनिज) के कारोबार में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है.
रामगढ़ से लेकर धनबाद तक, सैकड़ों डीलरों के लाइसेंस या तो निलंबित कर दिए गए हैं या उन्हें हमेशा के लिए निरस्त कर दिया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, जहां एक ओर रामगढ़ और धनबाद जैसे जिले खनिज व्यापार के बड़े केंद्र बने हुए हैं, वहीं चतरा और लातेहार जैसे क्षेत्रों में नियमों के उल्लंघन पर विभाग का सख्त एक्शन देखने को मिला है.

जानिए किस सर्किल का क्या है हाल
धनबाद मंडल
• धनबाद सर्कल के अंतर्गत बोकारो, धनबाद और गिरिडीह जिले आते हैं. यहां कुल 2686 डीलर पंजीकृत हैं.
• इस मंडल में कुल 23 डीलरों को निलंबित किया गया है, जिनमें सबसे अधिक 14 धनबाद जिले के हैं.
• कुल 35 डीलरों के लाइसेंस समय सीमा समाप्त होने या नियमों के उल्लंघन के कारण रद्द कर दिए गए हैं.
• सक्रिय डीलरः वर्तमान में यहां 1547 डीलर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं.
हजारीबाग मंडल
• हजारीबाग मंडल में चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और रामगढ़ शामिल हैं.
• रामगढ़ में अकेले 3707 डीलर हैं, जिनमें से 1676 सक्रिय हैं और 38 को निलंबित किया गया है. सबसे अधिक 142 लाइसेंस लैप्स हुए हैं.
• चतरा में 244 डीलरों को निलंबित किया गया है, जो राज्य में एक जिले के हिसाब से काफी बड़ी संख्या है.
• हजारीबाग सर्किल के पूरे क्षेत्र में 277 डीलर वर्तमान में निलंबित चल रहे हैं.
Also Read: झारखंड के दो चर्चित मामलों में CBI की क्लोजर रिपोर्ट: परिजनों के उम्मीदों को लगा झटका
रांची मंडल
• राजधानी रांची और आसपास के जिलों (गुमला, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा) में डीलरों की संख्या अन्य मंडलों की तुलना में कम है.
• रांची जिले में 737 कुल डीलरों में से 372 डीलर वर्तमान में कार्य कर रहे हैं.
• खूंटी में 1 डीलर निलंबित है, जबकि रांची में 1 लाइसेंस लैप्स हुआ है.
दुमका और कोल्हान मंडल
• दुमका मंडल के तहत देवघर में 436 डीलर हैं, जिनमें से 2 निलंबित हैं और 53 के लाइसेंस लैप्स हो चुके हैं. गोड्डा में 7 लाइसेंस लैप्स हुए हैं.
• कोल्हान मंडल में चाईबासा में 35 लाइसेंस लैप्स या निरस्त किए गए हैं, जबकि सरायकेला-खरसावां में 2 डीलर निलंबित हैं. जमशेदपुर में पंजीकृत 23 में से केवल 9 डीलर ही वर्तमान में सक्रिय हैं.
पलामू मंडल
• लातेहार में कुल 1500 डीलर हैं, जिनमें से 771 सक्रिय हैं. विभाग ने यहां 11 डीलरों को निलंबित किया है और 35 के लाइसेंस रद्द किए हैं.
• पलामू में 51 डीलर सक्रिय हैं, जबकि गढ़वा में 1 डीलर को निलंबित किया गया है.
