पलामू: पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ी खास गांव में बीती रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग दंपति बीरबल महतो और उनकी पत्नी घर में सोए हुए थे. उसी दौरान पड़ोस में दिलीप मेहता के घर शादी का मेहंदी समारोह चल रहा था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए.
घर से जेवरों से भरा बक्सा चोरी
चोरों ने घर के अंदर रखे एक बक्से को निशाना बनाया, जिसमें करीब 10 लाख रुपये के कीमती जेवर रखे हुए थे. बताया जा रहा है कि चोर बेहद शातिर तरीके से चोरी को अंजाम देकर फरार हो गए.

साड़ियां छोड़कर सिर्फ जेवर ले गए चोर
घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों ने बक्से में रखी महंगी और कीमती साड़ियों को हाथ तक नहीं लगाया. वे सिर्फ जेवर निकालकर फरार हो गए. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों को पहले से घर और सामान की जानकारी थी.
कोयल नदी किनारे मिला टूटा हुआ बक्सा
सोमवार सुबह कोयल नदी के किनारे टूटा हुआ बक्सा और उसमें रखी साड़ियां बरामद हुईं. इसके बाद गांव में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पीड़ित परिवार के पुत्र श्याम किशोर मेहता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल का मुआयना किया है और चोरों की तलाश शुरू कर दी है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.
