सरायकेला: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने विधानसभा सत्र के दौरान तारांकित प्रश्न के माध्यम से तिरुलडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों एवं कर्मियों की कमी का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि स्वीकृत 9 पदों के विरुद्ध मात्र 3 कर्मी ही कार्यरत हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं.

छह पद वर्षों से खाली
विधायक ने बताया कि विगत कई वर्षों से 6 पद रिक्त हैं. इनमें 2 मेडिकल ऑफिसर, 1 फार्मासिस्ट, 1 लिपिक, 1 लैब टेक्नीशियन और 1 आदेशपाल के पद शामिल हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में वहां एक भी चिकित्सक पदस्थापित नहीं है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
सरकार से शीघ्र पदस्थापना की मांग
सविता महतो ने सरकार से प्रश्न किया कि क्या जनहित में यहां चिकित्सक, महिला चिकित्सक एवं अन्य कर्मियों की शीघ्र पदस्थापना की जाएगी. यदि हां, तो यह कब तक सुनिश्चित किया जाएगा.
सरकार का जवाब
सरकार की ओर से दिए गए उत्तर में बताया गया कि तिरुलडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कुल 10 पद स्वीकृत हैं, जिनके विरुद्ध नियमित अथवा आउटसोर्सिंग के माध्यम से कर्मी कार्यरत हैं. वर्तमान में एक चिकित्सा पदाधिकारी, एक फार्मासिस्ट, एक लिपिक, एक लैब टेक्नीशियन तथा तीन चतुर्थ वर्गीय कर्मी पदस्थापित हैं.
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि उपलब्ध संसाधनों के आधार पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं. विधायक सविता महतो ने क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट किया.

