संवरेगी सूरत: 370 करोड़ से अधिक के पुल प्रोजेक्ट्स से संवरेगी राज्य की सूरत, कई पुलों का निर्माण अंतिम चरण में, कनेक्टिविटी होगी बेहतर

Ranchi: राज्य में सुदूरवर्ती क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए बड़े पैमाने पर पुलों का...

Ranchi: राज्य में सुदूरवर्ती क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए बड़े पैमाने पर पुलों का निर्माण कार्य जारी है. पथ निर्माण विभाग द्वारा राज्य के विभिन्न सर्किलों—चाईबासा, दुमका, हजारीबाग, मेदिनीनगर और रांची में दर्जनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है. ताजा आंकड़ों के अनुसार, कई प्रमुख पुलों का काम 80 से 100 फीसदी तक पूरा हो चुका है, जबकि कुछ मेगा प्रोजेक्ट्स अभी शुरुआती चरण में हैं.

स्वर्णरेखा नदी पर बढ़ रही कनेक्टिविटी

चाईबासा सर्किल के तहत जमशेदपुर और सरायकेला में पुलों का जाल बिछाया जा रहा है. मुसाबनी-डुमरिया क्षेत्र में 19 पुलों का एक बड़ा समूह लगभग 82 फीसदी पूरा हो चुका है, जिसकी लागत 39.93 करोड़ हैं. जमशेदपुर में अन्ना चौक-गोविंदपुर बाईपास के बीच 163.53 करोड़ की लागत से फोर लेन एलीवेटेड कॉरिडोर और केबल स्टे ब्रिज का निर्माण शुरू किया गया है. स्वर्णरेखा नदी पर पीपला मोड़ और कांड्रा-चांडिल रोड के पास भी महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण प्रगति पर है, जिनमें से कुछ 90 फीसदी तक पूर्ण हो चुके हैं.

यह भी पढ़ें: ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में 20 मई को बंद रहेंगे मेडिकल स्टोर, 12 लाख केमिस्टों ने किया देशव्यापी हड़ताल का ऐलान

दामोदर और कोनार नदी पर पुल

हजारीबाग सर्किल के तहत बोकारो और धनबाद में औद्योगिक और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली परियोजनाओं पर जोर है. भंडारिडीह और टुपकाडीह के बीच दामोदर नदी पर बन रहा पुल 85 फीसदी तैयार है. वहीं, बड़की पुन्नू और राजरप्पा रोड के बीच दामोदर नदी पर एक अन्य पुल का काम 100 फीसदी पूरा कर लिया गया है. मुगमा-चिरकुंडा रोड पर बराकर नदी और नवागढ़-तोपचांची रोड पर छोटे नालों पर पुल निर्माण के जरिए यातायात सुगम बनाया जा रहा है.

रेलवे और नदियों पर फोकस

दुमका सर्किल के साहिबगंज जिले में रेलवे ओवर ब्रिज और नदी पुलों पर निवेश किया जा रहा है. तिनपहाड़-धमधमिया रेल खंड के बीच लेवल क्रॉसिंग संख्या 47/ सी पर एक आरओबी का निर्माण प्रस्तावित है, जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति 93.94 करोड़ दी गई है. इसके अलावा गुमानी नदी और मोरंग नाला पर भी नए पुलों की आधारशिला रखी गई है.

यह भी पढ़ें: उत्पाद सिपाही भर्ती घोटाला: 154 अभ्यर्थी जेल से बाहर, मास्टरमाइंड समेत कई अब भी बंद

सुदूर क्षेत्रों में पहुंच

मेदिनीनगर सर्किल के तहत गढ़वा, लातेहार और डाल्टनगंज में पुलों का निर्माण तेजी से हो रहा है. अमानत नदी पर लेस्लीगंज क्षेत्र में बन रहा पुल 82 फीसदी पूर्ण है. गढ़वा के ब्लॉक धुर्की में कन्हर नदी पर 27.12 करोड़ की लागत से पुल और 6 किमी से अधिक लंबी पहुंच सड़क बनाई जा रही है. लातेहार में औरंगा नदी पर बन रहे पुल का काम भी करीब आधा काम (43 फीसदी) पूरा हो चुका है.

राजधानी और आसपास के जिलों का विकास

राजधानी रांची और आसपास के जिलों जैसे गुमला, लोहरदगा और गिरिडीह में भी कई परियोजनाएं पूर्णता की ओर हैं. ओरमांझी के पास स्वर्णरेखा नदी पर 7.50 किमी लंबी सड़क और पुल का काम 94 फीसदी पूरा हो गया है. चैनपुर-घाघरा रोड और चैनपुर-जैरगी रोड पर कई छोटे-बड़े पुलों का निर्माण 100 फीसदी पूरा कर लिया गया है, जिससे ग्रामीण इलाकों में आवाजाही आसान हुई है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *